संदिग्ध महिला ने दम तोड़ा, एक अज्ञात शव मिला
एसएल कश्यप।
सहारनपुर। घंटाघर के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। इसके अलावा एक अन्य महिला ने भी संदिग्ध हालात में दम तोड़ा। नगर कोतवाली क्षेत्र से भी एक अज्ञात शव बरामद हुआ है। कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के घंटाघर के निकट एसएएम इंटर कॉलेज के समीप रात आधी रात के समय सड़क किनारे सो रहे करीब 45 वर्षीय व्यक्ति को कोई अज्ञात वाहन चपेट में ले भागा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हालत में युवक को उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। तब तक वह दम तोड़ चुका था। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। वहीं पुलिस का कहना है कि उसे चपेट में लेकर भागे वाहन का भी कुछ पता नहीं चल सका है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन के बाहर से भी 14 अगस्त को अचेत अवस्था में पड़ी मिली करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में पहुंचाया गया था। तब से उसका उपचार चल रहा था। जहां अज्ञात महिला की मौत हो गई है। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। शव का पोस्टमार्टम करा पुलिस ने मोर्चरी मे रखवा दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के ढमोला नदी पुल के निकट से भी 55 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस उसे भिखारी बता रही है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।