सहारनपुर। मोक्षायतन अन्तर्राष्ट्रीय योगाश्रम, नेशन बिल्डर्स अकेडमी व राष्ट्र वंदना मिशन से जुड़े परिवारों ने इस बार दीवाली कुछ नए अंदाज से मनाने का फैसला किया है। मोक्षायतन योगाश्रम में आयोजित कार्यक्रम में योग गुरु पद्मश्री स्वामी भारत भूषण ने कहा कि सिर्फ हैप्पी दीपावली कह देने से कुछ भी होने वाला नहीं है। इसमें बदलावा जरूरी है। योग गुरु ने कहा कि अपने घर में लक्ष्मी पूजन जरूर करें लेकिन व्यापक हित में जगह जगह सामूहिक दीवाली पूजन के भी आयोजन किए जाएं और उनमें सभी भाई बहिन जरूर शामिल हों। इस अनूठे अभियान के अन्तर्गत अपने शहर में छोटी दीवाली (हनुमान जयंती) 26 अक्टूबर को शाम छह बजे बेरीबाग स्थित मोक्षायतन योगाश्रम परिसर में सभी लोग अपने घर से पांच दिए लाकर इकठ्ठे संकल्प दीप जलाकर दीपयज्ञ करेंगे! आश्रम की प्रशिक्षण प्रमुख आचार्या अनीता शर्मा ने बताया कि एक दीपक रामराज्य, दूसरा अखंड भारत, तीसरा स्वच्छ स्वस्थ भारत, चैथा सैनिक सम्मान व पांचवा नारी सम्मान के संकल्प का दीप जलाया जाएगा! उन्होंने कहा कि पर्व को सामूहिक मनाना हमे सामाजिक व राष्ट्रीय मजबूती देता है। ज्ञातव्य है कि योगी स्वामी भारत भूषण ने देश व दुनिया में फैले अपने योग साधकों से ये अपेक्षा की है कि बाहर रहने वाले साधक वहीं पर रामराज्य अखंड भारत स्वस्थ व स्वच्छ भारत सैनिक सम्मान व नारी सम्मान संकल्प के पांच पांच दीपकों से सामूहिक दीप पूजन अवश्य करें। सभी राम भक्त व राष्ट्र भक्तों को अपने घरों को रोशन करने व लक्ष्मी पूजन करने के साथ-साथ ये खास पांच दीए जरूर जलाने चाहिएं।