एसएल कश्यप।
सहारनपुर। अवैध संबंधों का विरोध करने पर युवती को जान से मारने का प्रयास किया गया। थाना जनकपुरी के गांव माहीपुरा निवासी एक युवती के मुताबिक उसकी शादी जनपद हरियाणा के यमुनानगर निवासी एक युवक साथ हुई थी। युवती का आरोप है कि पहले दहेज में नगदी और कार की मांग करते हुए ससुरालियों ने उसका उत्पीड़न किया और जान से मारने की नियत से उसे जहर पिलाया गया। फिर पति एक युवती से अवैध संबंधों का विरोध करने पर उसे ठिकाने लगाने को घुमाने के बहाने अपने साथ हरिद्वार ले गया और फिर ललतारा पुल से उसे गंगा में फेंक दिया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी प्रकार उसे डूबने से बचा उसकी जान बचाई। जिसके बाद पति और ससुरालिये कार्यवाही के डर से माफी मांग कर उसे साथ ले गए। मगर उनके रवैए में तब्दीली नहीं आई और उसे करंट लगाया गया। किसी प्रकार बची तो उस पर गर्म दूध फेंक दिया गया। ससुराल में उसके साथ छेड़छाड़ भी की गई और मारपीट कर उसे ससुराल से निकाल दिया गया। पीड़िता ने आरोपी पति, ससुर, सास, जेठ, जेठानी, देवर और पति से अवैध संबंध रखने वाली युवती के खिलाफ संगीन धाराओं में थाना जनकपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दहेज उत्पीड़न, जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।