डीएम से मिले कांशीराम कालोनी के लोग
एसएल कश्यप।
सहारनपुर। स्टार पेपर मिल रोड स्थित कांशीराम कालोनी में हुए मकान आवंटन के नाम पर घोटाले सामने आ रहे है। आये दिन कालोनी में इसी बात को लेकर झगडे़ हो रहे हैं। वार्ड 39 में पड़ने वाली कालोनी के एक दर्जन से अधिक लोग सोमवार को कलक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और डीएम को एक शिकायती पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की। कालोनी के लोगों ने डीएम को बताया कि कालोनी मे 736 मकान हैं। कालोनी में कुछ अपात्र लोगों को मकान आवंटित कर दिये गये, जबकि पात्र लोग मकान के लिए भटक रहे हैं। जिन अपात्र लोगों को मकान आवंटित हैं, उनके अपने मकान हैं। उन्होंने अपने मकान किराये पर दिये हुए हैं। यदि इसकी जांच की जाये तो सच्चाई सामने आएगी और पात्र लोगों को मकान मिल जाएंगे। उन्होंने डीएम को बताया कि कालोनी में कुछ ऐसे लोग रह रहे हैं, जो इस जनपद के भी नहीं है। इसकी भी जांच होनी चाहिए। कालोनी में खुले अवैध रास्तों को भी बंद कराया जाये। डीएम से कालोनी की बंद पड़ी छह दुकानों को भी अलाटमेंट कराने की मांग की। शिकायती पत्र देने वालों में शालू, महेंद्र पाल, आरव, दयावती, तनुज, राखी,सुदेश, महेंद्र पाल, सुदेश, ऋषिपाल, संदीप आदि मौजूद रहे।