सहारनपुर। मां दुर्गा के चैत्र नवरात्र आज से आरंभ हो गए है। आज विधि विधान के साथ श्रद्धालुओं द्वारा मां की पूजा अर्चना कर मंगल कलश की घट स्थापना की गई और सुबह से ही मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना करने के लिए श्रद्धालुजन उमड़े हुए थे।
आज चैत्र नवरात्र के शुभारंभ पर सभी श्रद्धालुओं ने अपने घरों में मां दुर्गा की आराधना किये जाने के लिए विशेष तैयारियां की थी और विधि विधान के साथ धमार्चार्यो के सानिध्य में मंगल कलश की घट स्थापना कर पूजा अर्चना की और नवरात्रे आरंभ किए। राधा विहार स्थित मां शक्तिपीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर पवित्र गुफा में श्रीराम कृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत नव दुर्गा मां षोडस मंगल कलश घट स्थापना की गयी, जिसमें मुख्य रूप से स्वामी कालेन्द्रानंद महाराज के सानिध्य में मंत्रोच्चारण का पूजा अर्चना की गयी। उन्होंने कहा कि संपूर्ण सृष्टि में चेतना ब्रहम शक्ति ही प्रदान करती है वही पराशक्ति घट रूप है, जो संपूर्ण सृष्टि को धारण कर उसका संचालन करती है। महाराज ने कहा कि चैत्र नवरात्र सृष्टि की नवसर्जन का आधार है, जिसमें जीव, जगत एवं आध्यात्मिक आधार में नवसृजन क्रियान्वित होकर जीव को सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। यही शक्ति द्वारा प्रदत्त ऊर्जा जीव को सृष्टि की सर्वोच्च शिखर पर स्थापित करती है। इस मौके पर अरूण स्वामी, रमेश शर्मा, मेहरचंद जैन, नरेश चंदेल, राकेश राणा, सुरेश शर्मा, मनोज चौहान, कमला सुचेता, ममता, रोहिणी, कमल गुप्ता, कविता, गरिमा, अंजना, उमा, रेखा आदि मौजूद रहे।