एसएल कश्यप।
सहारनपुर। सहारनपुर। एसपी सिटी के पास शिकायत के लिए पहुंची दुष्कर्म पीड़िता बेहोश हो गई। एसपी सिटी विनीत भटनागर द्वारा एम्बुलेंस की सहायता से पीड़ित महिला को चिकित्सा परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
वीरवार की सुबह एसपी सिटी के पास शिकायत लेकर पहुंची विवाहिता के पिता ने बताया कि वह चिलकाना थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसने अपनी पुत्री का विवाह सरसावा थाना क्षेत्र के एक गांव में किया था। आरोप है कि उसकी पुत्री की सास ने सरसावा क्षेत्र में रहने वाले किसी होमगार्ड से शादी की हुई है। आरोप लगाया कि होमगार्ड उसकी पुत्री को उठाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। जब एसपी सिटी पीडिता की व्यथा सुन रहे थे तो पीड़िता बेहोश होकर उनके दफ्तर में ही गिर गई। जिससे एक बारगी अफरा-तफरी का माहौल हो गया। एसपी सिटी ने तत्काल एंबुलेंस बुलवा महिला थाना इंस्पेक्टर सरिता सिंह के साथ पीड़िता को जिला अस्पताल भिजवाया। एसपी सिटी का कहना था कि आरोप गंभीर हैं। महिला की हालत खराब बताई जा रही थी इसलिए उपचार और चिकित्सा परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। संबंधित थाना अध्यक्ष को इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं।