नई दिल्ली(1 दिसंबर): उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। चुनाव के नतीजे बीजेपी और कांग्रेस के लिए अहम माने जा रहे हैं। यह दोनों पार्टियां गुजरात चुनाव में भी ताल ठोंक रही हैं। वहीं यूपी विधानसभा चुनाव में करारी हार झेलने के बाद समाजवादी पार्टी भी नतीजों पर नजर बनाए हुए होगी। बसपा 17 साल बाद पहली बार पार्टी के चिन्ह पर नगर निकाय चुनाव लड़ रही है। निकाय चुनाव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहली 'अग्निपरीक्षा' के रूप में भी देखा जा रहा है।
- उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के लिए अंतिम चरण के मतदान के साथ ही बुधवार को सभी प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटियों में कैद हो गए।
- नगर-निगम का चुनाव ईवीएम से हुआ है, ऐसे में सबसे पहले मेयर और पार्षद के परिणाम सामने आएंगे।
- कई सीटों में इस बार पहली बार महिला मेयर का चुनाव हुआ। लखनऊ 100 साल में पहली बार किसी महिला को अपना मेयर चुनने जा रहा है। राजधानी में नगर निगम चुनावों के दूसरे चरण के तहत मतदान हुआ था।
- गौरतलब है कि पिछले 100 साल में लखनऊ की मेयर कोई महिला नहीं बनी है। इस बार लखनऊ मेयर की सीट महिला के लिए आरक्षित है। वहीं वाराणसी में भी पहली महिला मेयर चुनी जाएगी। अयोध्या और मथुरा पहली बार अपना मेयर चुन रहा है।