गुरजोत सेठी।
देवबंद। मतस्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह रविवार को मेरठ में समेकित कृषि इंस्टीट्यूट में कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद देवबंद पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने श्री महाकालेश्वर ज्ञान मंदिर के अधिष्ठाता स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती से करीब 30 मिनट तक बंद कमरे में मुलाकात की। पत्रकारों से बातचीत में गिरिराज सिंह ने कहा कि वह स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती से शिष्टाचार भेंट करने देवबंद पहुंचे हैं। असम में घुसपैठियों की पहचान के लिए बने राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) की बाबत पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एनआरसी को देवबंद व सहारनपुर से न जोड़ें बल्कि पूरे देश में आज एनआरसी की जरूरत है। व्यवहारिकता में सभी लोगों को मालूम है कि जहां-जहां घुसपैठिए आज स्वयं को भारत में स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं उनकों एनआरसी के तहत बाहर निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ किसानों की आमदनी दुगुनी कैसे हो इसी उद्देश्य से वह मेरठ में कृषि आधारित पशुधन समेकित कृषि इंस्टीट्यूट में चल रहे कार्यक्रम में गए थे। गिरिराज सिंह ने श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर जाकर माथा टेककर मां भगवती से मन्नत मांगी। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय ध्यानगुरू स्वामी दीपांकर, नितिन गुप्ता, अभिषेक त्यागी, कुलदीप सैनी, मुकेश अग्रवाल, मनीष त्यागी, राहुल वाल्मीकि, रोहित कौशिक, विनय काका और दीपमाला शर्मा आदि मौजूद रहे।