दावत से लौट रहे भाजपा नेता के भतीजे सहित दो की मौत
सहारनपुर। जन्मदिन की पार्टी मना बाइक पर वापस लौटते समय गांव खजूर वाला के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक सवार भाजपा नेता के भतीजे और उसके साथी की मौत हो गई। थाना नागल क्षेत्र के गांव दंगहेडा निवासी भाजपा के नागल पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक त्यागी के भतीजे अतुल त्यागी पुत्र सुनील अपने साथी अभिषेक व नवनीत त्यागी के साथ देर रात्रि नागल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह खजूरवाला गांव के समीप पहुंचे तो अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से उनकी बाइक नीचे जा गिरी। हादसे में भाजपा नेता के भतीजे अतुल त्यागी व उसके साथी अभिषेक त्यागी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नवनीत त्यागी को गंभीर चोट आई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में ले घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। गांव में दो जवान मौत होने से ग्रामीणों में मातम पसरा हुआ है।
जन्म वाले दिन ले गई मौत
बताया जाता है कि गुरुवार को अभिषेक त्यागी का जन्मदिन था। जिसके चलते अभिषेक अपने साथी अतुल त्यागी व नवनीत को साथ लेकर नागल में जन्मदिन की दावत देने के लिए गया था। नागल से गांव आते समय सड़क दुर्घटना में अभिषेक और अतुल की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।