-नगर निगम का पशु डेरिया शहर से बाहर भेजने का अभियान
सिटीवेब/एसएल कश्यप।
सहारनपुर। नगर निगम ने प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आज से पशु डेरियों को शहर से भेजने का अभियान शुरु कर दिया। आज बाजोरिया रोड से दो डेरियों को खाली कराया गया तथा पेपर मिल स्थित दो पशु डेरियों से पांच हजार का जुर्माना वसूला गया और तीन अन्य को कल शाम तक डेरी खाली करने के नोटिस दिए गए।
नगर निगम की प्रवर्तन दल टीम आज बुधवार को दल के प्रभारी कर्नल बी एस नेगी व नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ. गीता राम के नेतृत्व में जिलाधिकारी आवास के निकट बाजोरिया रोड पर पहुंची और नरेश कुमार की पशु डेरी खाली करायी। नरेश द्वारा आठ भैंसो के साथ दूध डेरी चलायी जा रही थी। इसके अलावा सात भैंस व चार गाय के साथ पशु डेरी चला रहे राजेश कुमार की भी डेरी खाली करायी गयी और उन्हें सख्त चेतावनी दी गयी। इसके बाद प्रवर्तन दल ने पेपर मिल रोड स्थित राज विहार कॉलोनी में चल रही दो पशु डेरियो पर पांच हजार का जुर्माना लगाया और उन्हें जल्द से जल्द पशु डेरियों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने को कहा। तीन अन्य पशु डेरियो को भी कल शाम तक पशु डेरी स्थानांतरित करने के लिए नोटिस दिए गए। कार्रवाई के दौरान नरेशचंद, हेमराज, अमरीश, मनोज, राजवीर, शिव कुमार व प्रदीप आदि भी साथ रहे।