सिटीवेब/एसएल कश्यप।
सहारनपुर। अगर आप शारदा नगर के ओवरब्रिज पर सफर करने जा रहे हैं तो कृपया सावधान हो जाइये। क्योंकि इस छोटे से सफर में अनेक कठिनाईयांे से आपको दो-चार होना पडे़गा। काफी जद्दोजहद के बाद बने शारदानगर ओवरब्रिज काफी चर्चा में रहा है। शारदा नगर का यह ओवरब्रिज खलासी लाइन से अम्बाला रोड को जोड़ता है, जिसके ऊपर से फोरव्हीलर, टूव्हीलर व हजारों लोग पैदल सफर करते है। खलासी लाइन से अगर आप सफर कर रहें हैं तो थोड़ा चलने के बाद ही आपको पुल के बीचो बीच गड्ढे़ नजर आने लगेंगे। पुल के बीच में कई जगहों पर तो सरिये ही बाहर आ चुके हैं। ऐसे में वाहन चालकों के साथ दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सूत्रों की मानें तो कई बार हादसे हो भी चुके हैं। लोगों ने कई बार इसकी शिकायत जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जिला प्रशासन से की है, लेकिन उनकी इस समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि स्मार्ट सिटी में सहारनपुर का नाम शामिल होने के बाद भी यहां के लोगों को खतरों से भरा सफर क्यों करना पड़ रहा है।