सहारनपुर। अपनी बातों के जाल में फंसाकर एक वृद्ध महिला से ठगों ने करीब चार लाख रूपये का सोना ठग लिया और रफूचक्कर हो गया।
एसएसपी के नाम दिये शिकायती पत्र में बताया गया कि कोतवाली सदर बाजार के शिवाजी नगर निवासी अक्षय जैन की 85 वर्षीय माता सोमलता जैन रोजाना की तरह सुबह के समय मंदिर से घर लौट रही थी। दिन के करीब 12 बजे जब वह रिक्शा से चंद्रनगर जैन मंदिर से दर्शन कर घर के पास पहुंची तो मोटर साईकिल सवार युवकों ने उन्हें रोका और अपने आप को पुलिसवाला बताया। उन्होंने त्योहार के दिनों में सोने के गहने नहीं पहनने की बात की। ठगों ने महिला को बताया कि पुलिस ने सोना पहनने पर पांच हजार रूपये का जुर्माना लगाया हुआ है। बातों-बातों पर उन्होंने उसके करीब 10 तोला सोना उतरवा लिया। इसके बाद वह महिला को तीन कांच की चूड़ी देकर फरार हो गये। घटना का पता लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना से जैन समाज में रोष बना हुआ है। घटना के बाद अक्षय जैन ने बताया की उन्होंने थाने में रिपोर्ट करा दी है।