सिटीवेब न्यूज।
सहारनपुर। एक महिला ने अपने पति पर साथियों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म करने तथा तीन तलाक देने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है।
देवबंद क्षेत्र की एक महिला ने डीएम को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि मोहल्ला पठानपुरा निवासी एक व्यक्ति से उसका प्रेम प्रसंग हो गया था। शादी का झांसा देकर वह उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। लेकिन बाद में उसने शादी करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद उसने पुलिस में इसकी शिकायत की। पुलिस ने कार्रवाई की तो बीती 16 अगस्त को उसने उससे शादी रचा ली और किराए का मकान लेकर वह अलग रहने लगे। महिला का आरोप है कि पूर्व में पुलिस से कराई कार्रवाई के चलते वह उससे रंजिश रखने लगा और इसी के चलते तीन नवंबर को पति ने नशीला पदार्थ खिलाकर उसे बेहोश कर दिया और अपने चार साथियों के साथ मिलकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप लगाया कि इस दौरान पति ने उसकी वीडियो भी बनाई। अब वह उसे वायरल करने की धमकी दे रहा है। आरोप लगाया कि अब उसके बाद पति ने मारपीट कर घर से निकालते हुए उसे तीन तलाक दे दिया है। महिला ने डीएम से कार्रवाई की मांग की है।