एक सप्ताह में दो हत्याओं से क्षेत्र में मचा हड़कंप
एसएल कश्यप।
सहारनपुर। चार दिन पूर्व भाजपा नेता यशपाल सिंह की हत्या का राज खुला भी नहीं था कि शनिवार की सुबह बेखौफ बदमाशों ने एक और सभासद की गोली मारकर हत्या कर दी। चार दिन में दो सत्ताधारी नेताओं की हत्या से देवबंद में हड़कंप मच गया है।
शनिवार को एक बार फिर देवबंद थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने सभासद की गोली मारकर हत्या कर दी। घटनाक्रम के अनुसार देवबंद के रणखंडी रेलवे फाटक पर भाजपा सभासद दारासिंह को अज्ञात बदमाशों ने गोलियों से भून दिया। घटना को अंजाम देकर बेखौफ बदमाश फरार हो गये। घायल सभासद को आनन फानन में सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां पर थोड़ी ही देर बाद उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना कर बदमाशों की छानबीन की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। एक सप्ताह के अंदर लगातारा दूसरी बार भाजपा नेता की सरेआम हत्या कर देने से देवबंद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं सभासद दारा सिंह की मौत का समाचार सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। मृतक भाजपा सभासद मिल का ठेकेदार भी बताया जाता है।
इस बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने बताया कि 47 वर्षीय देवबंद सभासद धारासिंह पुत्र भोपाल सिंह को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। उपचार के लिए दारा सिंह को सीएचसी भर्ती कराया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम केे लिए भिजवाया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिशें दे रही है।