एसएल कश्यप।
सहारनपुर। कश्यप समाज को आरक्षण नहीं तो वोट नही ंके नारे लगाते हुए मूल निवासी कश्यप महासंघ ने हकीकतनगर मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। पूर्व राज्यमंत्री मांगेराम कश्यप ने कहा कि वर्ष 2015 में कश्यप समाज के कार्यक्रम में पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने आश्वासन दिया था कि कश्यप समाज की 17 अति पिछड़ी जातियों को आरक्षण मिलना चाहिए। केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार होने के बावजूद भी उन्हें इसका लाभ नहीं मिल रहा है। एनआईसी पोर्टल में इन जातियों को अपडेट किये जाने की मांग की। चेतावनी दी कि गंगोह उपचुनाव में कश्यप समाज को आरक्षण नही ंतो वोट नहीं की नीति अपनायी जाएगी। राजकुमार कश्यप ने कहा कि शासनादेश जारी होने के बावजूद भी जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किये जा रहे है। आरक्षण की मांग को लेकर जल्द ही बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान वक्ताओं ने कश्यप समाज को राष्ट्रवाद व धर्म के प्रति समर्पित होने के साथ साथ जागरूक होने पर भी बल दिया। धरने पर डा. संदीप कश्यप, मामचंद कश्यप, गिरवर सिंह कश्यप, धन प्रकाश कश्यप, सत्यपाल कश्यप, मोहित कश्यप, मनोज कश्यप, सतीश कश्यप, राजू कश्यप आदि मौजूद रहे।