-लोग बोले आखिर ओवरलोड वाहनों पर कब होगी कारवाई
सिटीवेब/अरविंद सिसौदिया।
नानौता। ओवरलोड वाहनों पर कारवाई न होने से चालक धडल्ले से वाहनों का इस्तेमाल कर रहे है। जिसके चलते कभी भी लोग दुर्घटना का शिकार हो सकते है। लेकिन पुलिस-प्रशासन आंख मूंदे हुए किसी बडी घटना के इंतजार में है। बीती देर शाम नगर के संजय चैक पर ओवरलोड गन्ने के ट्रक के चलते एक बडी दुर्घटना होने से बाल-बाल बच गई।
शुक्रवार की देर शाम करीब 7 बजे नगर के व्यस्तम संजय चैक से एक ओवरलोड गन्ने से भरा ट्रक नानौता चीनी मिल में जाने के लिए गुजर रहा था। बताया जाता है कि जैसे ही उक्त ट्रक संजय चैक पंहुचा तो गन्ने को बांधे हुआ रस्सा अचानक खुल गया और उसमें से एकाएक गन्ने से बंधी पुलिया ऊपर से नीचे गिरने लगी। इसी दौरान ट्रक के बराबर से गुजर रहे एक एक्टिवा सवार बुजुर्ग के ऊपर गन्ना पुली गिरने से उसे हल्के रूप से घायल हो गया। जबकि कई अन्य लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। घायल को राहगीरों की मदद से घर तक पंहुचाया गया। इस दौरान सडक के बीच में काफी मात्रा में गन्ना गिर जाने से जाम की स्थिती बन गई। करीब आधा घंटा तक सडक पर लगते जाम को देखकर थाना पुलिस द्वारा आनन-फानन में जेसीबी मंगवाकर गन्ना पुली को वहां से हटवाकर जाम हटवाया गया। तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली।
आखिर ओवरलोड वाहनों पर कारवाई कब -
नगरवासी डा. केपी सैनी, सभासद सन्नी राणा, कुंवर रविन्द्र सिंह, रविन्द्र शर्मा, विरेन्द्र धीमान, अशोक राणा, कामसिंह पुंडीर, नरौता राम, अनिल विश्वकर्मा आदि का कहना है कि पुलिस-प्रशासन को ओवरलोड वाहनों पर रोक लगानी चाहिए। क्योंकि ओवरलोड वाहन कभी भी बडी दुर्घटना का शिकार बन सकते है। नगरवासियों ने थाना पुलिस को ओवरलोड वाहनों पर कारवाई की मांग की है।