एसएल कश्यप।
सहारनपुर। श्रीमद् भागवत कथा से पूर्व शनिवार को राधा विहार स्थित महाकाली वैष्णवी मंदिर से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में मुख्य यजमान सिर पर श्रीमद् भागवत को सिरोधारण किये हुए थे। उनके पीछे सौभाग्यशाली महिलाएं सिर पर जलकलश लिये चल रही थी। इस मौके पर धार्मिक बैंडबाजों की धुनें वातावरण को भक्तिमय बना रही थी। क्षेत्र के कई गलियों से होकर शोभायात्रा वापस मंदिर में पहुंची। वैष्णवी महाकाली मंदिर के अधिष्ठाता स्वामी कालेंद्रानंद ने शोभायात्रा के बारे में बताया कि मंदिर प्रांगण में पितृ पक्ष में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। सभी यजमानों के पितृों की शांति के लिए हवन यज्ञ किया जाएगा। इस दौरान होने वाली श्रीमद् भागवत कथा का बड़ा महत्व है। इन दिनों जो श्रीमद् भागवत कथा सुनता है, उसका लोक तो क्या परलोक भी सुधर जाता है।