नई दिल्ली।
हरियाणा की लोकप्रिय गायिका और डांसर सपना चौधरी के कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की खबरें पिछले 24 घंटे से सुर्खियों में रही हैं, लेकिन खुद सपना ने इस बात से इनकार कर दिया है। सपना ने साफ कहा कि प्रियंका के साथ जो मेरी तस्वीरें हैं, वो पुरानी हैं। मैंने कोई पार्टी ज्वाइन नहीं की है. मेरे लिए सारी पार्टी एक समान है। बिग बॉस में भी खूब सुर्खियां बटोरने वाली सपना चौधरी ने कहा, मैं कलाकार हूं।
उधर कांग्रेस ने उनके सदस्यता फॉर्म को जारी करते हुए बताया कि एक दिन पहले न सिर्फ सपना बल्कि उनकी बहन ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली थी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस सचिव नरेंद्र राठी ने फोटो जारी कर बताया कि सपना चौधरी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उन्होंने कांग्रेस के लेटर हेड का एक फोटो जारी किया है जिसमें सपना चौधरी के पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। इस लेटर हेड में सपना की पूरी जानकारी दी गई है।
सपना चौधरी ने कहा, चुनाव लडऩे की मेरी कोई मंशा नहीं है। प्रियंका गांधी के साथ फोटो पर सपना ने कहा कि मैं प्रियंका से मिली थीं, लेकिन वो तस्वीर पुरानी है। सपना ने कहा कि मैं मनोज तिवारी के संपर्क में हूं। कांग्रेस नेता राजबब्बर से मैंने मुलाकात नहीं की है। न तो मैंने कांग्रेस ज्वाइन किया है और न ही मैं कांग्रेस के लिए प्रचार करूंगी। सपना ने कहा कि वह 2019 का चुनाव नहीं लड़ेंगी।
बता दें कि एक दिन पहले ही सपना चौधरी के कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया गया था। साथ ही यह भी कहा गया था कि दिल्ली में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर के घर पर सपना चौधरी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। सपना चौधरी की कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनके जरिए सपना चौधरी के कांग्रेस ज्वॉइन करने का दावा किया जा रहा है।
एक तस्वीर में सपना चौधरी प्रियंका गांधी के साथ नजर आ रही हैं। इसके साथ ही यह भी चर्चा थी कि कांग्रेस यूपी की मथुरा लोकसभा सीट से सपना चौधरी को लोकसभा चुनाव का टिकट दे सकती है। हालांकि जब शनिवार को कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की, तो उसमें मथुरा लोकसभा सीट से महेश पाठक को टिकट देने की बात सामने आई। इस सूची में सपना चौधरी का नाम नहीं था। बीजेपी ने मथुरा लोकसभा सीट से अभिनेत्री हेमा मालिनी को एक बार फिर से टिकट दिया है। इससे पहले साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भी हेमा मालिनी इसी सीट से जीत दर्ज की थी।