सहारनपुर। दीपावली के त्योहार पर बिकने वाले पटाखों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था के चलते जिला प्रशासन ने पटाखा बेचने वालों के लिए पांच स्थान निर्धारित किए हैं। इन स्थानों के अलावा यदि कहीं पटाखा बेचा गया तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
इन दिनों त्योहारी सीजन चल रहा है। दशहरे के बाद दीपावली को हिन्दुओं का सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है। इस त्योहार पर मिठाईयों की खरीद के अलावा पटाखों का जमकर प्रयोग किया जाता है। इसी के चलते प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर बेचे जाने वाले पटाखों से कोई हादसा न हो, इसके लिए कमर कस ली है। इसके लिए स्थान चिन्हित कर लिये हैं। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि सुरक्षा कारणों से भीड़ भाड़ वाले इलाकों में पटाखों की दुकानें नहीं लगने दी जाएगी। अस्थाई लाइसेंस धारकों को पटाखों की दुकानों को लगाने के लिए महानगर में पांच स्थान निर्धारित किए गए हैं। इन स्थानों में मंडी समिति परिसर, साउथ सिटी मैदान, गांधी पार्क मैदान, सर्किट हाउस के सामने वाला मैदान व राजकीय इंटर कालेज के मैदान को चुना गया है।