एसएल कश्यप।
सहारनपुर। सहारनपुर की जूड़ो खिलाड़ी रिया यादव का उत्तर प्रदेश जूड़ो टीम में चयन होने से जनपद के खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई। शनिवार को जनपद आगमन पर रिया यादव का जोरदार स्वागत किया गया। जिला जूड़ो एसोसिएशन के मुख्य प्रशिक्षक एवं संस्थापक सचिव दीपक गुप्ता ने बताया कि तीन व चार अक्टूबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित हुए उत्तर प्रदेश जूडो टीम के चयन ट्रायल में सहारनपुर की रिया यादव ने अपना स्थान सुनिश्चित किया। रिया यादव अब 14 से 19 अक्टूबर तक इम्फाल, मणिपुर में होने वाली राष्ट्रीय सब जूनियर एवं कैडेट जूड़ो प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सहारनपुर व प्रदेश के लिए सम्मान अर्जित करेगी। शनिवार को रिया यादव, टीम मैनेजर सुषमा सिंह, सोनू सिंह व राहुल नायक के सहारनपुर पहुंचने पर रेलवे स्टेशन पर जूड़ों खिलाड़ियों व अन्य लोगों ने जोरदार स्वागत किया। संघ के संरक्षक एसी गुप्ता, अध्यक्ष डा. सुरेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष पंकज बंसल, पंकज मल्होत्रा, प्रदीप त्यागी, विवेक गर्ग, नौशाद सैफी आदि ने रिया को शुभकामनाएं दी।