एसएल कश्यप।
सहारनपुर। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन के हजारों कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चै. विनय कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ता गांधी पार्क से ट्रैक्टर ट्रालियों तथा बसों में सवार किसान नारेबाजी करते हुए जुलूस के रुप में अंबाला रोड, घंटाघर से कोर्ट रोड होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान ट्रैक्टर ट्रालियों पर साउंड सिस्टम लगाकर रागनी और गीत भी बजाए जा रहे थे। प्रदर्शनकारियों के लंबे काफिले के कारण आम लोग जाम में फंस गए। कलक्ट्रेट पहुंचने पर भाकियू कार्यकर्ता डीएम कार्यालय के बाहर धरना देकर बैठ गए। प्रदेश उपाध्यक्ष चै. विनय कुमार ने कहा कि किसानों का बकाया गन्ना मूल्य दबाए बैठी जिले की उत्तम, शेरमऊ और बजाज शुगर मिल सुप्रीम कोर्ट का आदेश तक नहीं मान रही है। चीनी मिल मालिकों के खिलाफ एफआईआर व विद्युत दरों में की गई 12 प्रतिशत की वृद्धि की तरह गन्ना मूल्य भी 12 प्रतिशत बढ़ाया जाए। जिलाध्यक्ष चै. चरण सिंह तथा अशोक चैधरी ने कहा कि जब तक गन्ना भुगतान नहीं होता, तब तक राजस्व वसूली भी बंद की जाए। यदि एक सप्ताह में हमारी मांगे नहीं मानी गई तो जिले में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांगपत्र प्रेषित किया गया। प्रदर्शनकारियों में अमीर हैदर जैदी, मेवाराम, ब्रजपाल सैनी, स. भोला सिंह, चै. जगपाल सिंह, रामकुमार शर्मा, रंधीर सिंह, घनश्याम दास, अरुण राणा, मुकेश तोमर, शेरपाल, सुरेंद्र कांबोज, सलीम, विपिन आर्य समेत हजारों किसान शामिल रहे।