सहारनपुर। पुत्रवधू की दहेज हत्या के मामले में पत्नी और बेटे के साथ उप कारागार देवबंद में बंद बंदी की मौत हो गई। थाना नागल के गांव खटौली निवासी 60 वर्षीय राजकुमार के पुत्र की शादी जनपद मुजफ्फरनगर क्षेत्र के गांव में हुई थी। करीब 1 वर्ष पूर्व राजकुमार की पुत्रवधू की मौत हो गई थी। उसके मायके वालों ने राजकुमार, उसकी पत्नी और पुत्र पर दहेज के लिए उनकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाना नागल में मुकदमा दर्ज कराया था। राजकुमार के भतीजे बिन्ना ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद थाना नागल पुलिस ने राजकुमार को पत्नी और पुत्र सहित गिरफ्तार कर दहेज हत्या मामले में जेल भेज दिया था। तभी से तीनों उप कारागार देवबंद में बंद थे। मंगलवार की देर शाम जेल प्रशासन की ओर से उन्हें फोन पर राजकुमार की हालत बिगड़ने और उसे जिला अस्पताल ले जाए जाने की सूचना दी गई तो देर रात परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे। मगर तब तक राजकुमार की मौत हो चुकी थी। जेल प्रशासन ने उन्हें बताया कि राजकुमार को हार्ट अटैक हुआ था। बुधवार को नागल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।