जितेंद्र मेहरा।
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गंगोह विधान सभा सीट के उप चुनाव में चौ.इन्द्रसैन को पार्टी प्रत्याशी घोषित किए जाने से सपाईयों ने हर्ष व्यक्त किया। पार्टी हाईकमान का आभार जताया। दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर लौटे पूर्व सपा जिलाध्यक्ष चौ.रूद्रसैन ने बताया कि विगत दिवस सपा के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात कर गंगोह विधानसभा सीट के उपचुनाव में मजबूत प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने का आग्रह किया था जिस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूर्व कृषि मंत्री एवं सांसद व सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे स्व.चौ. यशपाल सिंह के सुपुत्र चौ.इन्द्रसैन को प्रत्याशी बनाकर सर्वसमाज को पूरा सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव ने सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों में जुटने का निर्देश देते हुए कहा कि भाजपा की केन्द्र व प्रदेश सरकार की गलत नीतियों से सर्वसमाज त्रस्त है। सपा कार्यकर्ता जनता को भाजपा से निजात दिलाने के लिए चुनाव में जुट जाए। चौ.रूद्रसैन ने यह भी कहा कि उक्त सीट जीतकर सपा कार्यकर्ता अखिलेश यादव के हाथों को मजबूत बनाने का काम करें। प्रतिनिधिमंडल में सपा प्रत्याशी चौ.इन्द्रसैन,चैधरी भूपेन्द्र सिंह,डा.संजय,पूर्व जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीन बान्दूखेडी भी मौजूद रहे।