नई दिल्ली।लंबी बीमारी के बाद गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का आज रविवार की शाम निधन हो गया। मनोहर पर्रिकर 63 साल के थे। पर्रिकर अग्नाशय की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। पर्रिकर के निधन से पूरा देश शोकाकुल है। बीमारी का पता चलने के ठीक एक साल बाद मनोहर पर्रिकर का पणजी आवास पर निधन हो गया। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने ट्वीट कर कहा, "गोवा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर पर्रिकर के निधन पर अत्यंत दुख हुआ है। पिछले एक साल में गोवा, मुंबई, न्यूयॉर्क और नई दिल्ली के अस्पतालों में उनका इलाज चलता रहा था।
केंद्र सरकार ने गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन पर 18 मार्च, सोमवार को राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। सोमवार की सुबह 10 बजे शोक सभा के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक भी बुलाई गई है।
मनोहर पर्रिकर को 26 साल की उम्र में ही गोवा का संघचालक बनने का मौका मिल गया था। वे राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान उत्तरी गोवा में प्रमुख संगठनकर्ता रहे। साल 2000 में भाजपा की पहली सरकार में ही उन्हें CM बनने का मिल गया था।
मनोहर पर्रिकर के निधन पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कहा, 'श्री मनोहर पर्रिकर आधुनिक गोवा के निर्माता थे। अपने मिलनसार व्यक्तित्व और सुलभ स्वभाव की बदौलत वर्षों तक राज्य के पसंदीदा नेता बने रहे। उनकी जन-समर्थक नीतियों ने गोवा को प्रगति की उल्लेखनीय ऊंचाइयों तक पहुंचाया।'
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- वो (मनोहर पर्रिकर) एक अच्छे इंसान थे। उनके निधन से राजनीति में बहुत बड़ा अंतर आ गया है। हमने एक अच्छा राजनीतिज्ञ खो दिया है। उनके निधन से हमें अपार दुख हुआ है। मैं अपना दुख व्यक्त करता हूं और मैं अपनी पार्टी और अपनी ओर से अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
आधी बाजू की कमीज और लेदर सैंडल उनकी पहचान थी। गोवा के मुख्यमंत्री होने के बाद भी पर्रिकर ने अपने रहन-सहन में जरा भी बदलाव नहीं किया। कहा जाता है कि वो अपने राज्य की विधानसभा खुद स्कूटर चलाकर जाया करते थे। इतना ही नहीं उन्होंने मुख्यमंत्री बनने के बाद भी अपने घर को नहीं छोड़ा और सरकार द्वारा दिए गए घर में नहीं गए। गोवा के मुख्यमंत्री रहते हुए एक दफा उन्होंने अपने जन्मदिन पर खर्च होने वाले पैसे को चेन्नई रिलीफ फंड में भेजने की अपील की थी।
वह सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों से जुड़े रहते है और उनकी मदद करते थे।
बीमार चल रहे गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के संबंधी तथा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और राजनीतिक नेता रविवार शाम को उनके आवास डोना पौला पहुंच गए थे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक ट्वीट में बताया था , "मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की हालत बेहद गंभीर है। चिकित्सक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के निजी आवास पर सबसे पहले राज्य के पुलिस महानिदेशक प्रणब नंदा पहुंचे। उनके घर के आसपास पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। पूर्व रक्षा मंत्री पर्रिकर के स्वास्थ्य में पिछले एक साल से उतार-चढ़ाव होता रहा है। बीते दो दिन से उनकी हालत बेहद खराब हो गई है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पर्रिकर के निधन पर शोक जताया। शाह ने ट्वीट कर कहा कि इस दुख की घड़ी में पर्रिकर के परिवार के साथ पूरी भाजपा खड़ी है। ईश्वर उनके परिवार को दुख झेलने की शक्ति दे।