सिटीवेब/एसएल कश्यप।
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) के संबंध में आज देश भर की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निविदा से पूर्व एक मीटिंग का आयोजन सर्किट हाउस में किया गया। मीटिंग में विप्रो, टाटा, एलएनटी, डैल, सिस्को,एनईसी व शाहपुरजी सहित देश की 50 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। स्मार्ट सिटी व नगर निगम की ओर से नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह, स्मार्ट सिटी डारेक्टर सुशील पुंडीर, नोडल ऑफिसर आलोक श्रीवास्तव, जीएम जलकल ए एन उपाध्याय आदि शामिल रहे। सभी कंपनियों से आईसीसीसी के संबंध में आमंत्रित निवादा को लेकर सुझाव मांगे गए। सभी कंपनियों के प्रतिनिधि सहारनपुर स्मार्ट सिटी के लिए कार्य करने हेतु काफी उत्साहित थे। स्मार्ट सिटी व निगम अधिकारियों ने कंपनियों की शर्तों के बारे में जानकारी ली तो साथ ही अपनी शर्तों से भी उन्हें अवगत कराया। उक्त निवादाओं के संबंध में आगामी दो महीने तक कंपनी का चयन कर लिया जायेगा। तत्तपश्चात करीब नौ महीने में कमांड कंट्रोल सेंटर को कार्यशील कर दिया जायेगा, और विभिन्न सेवाओं को उससे जोड़ दिया जायेगा। नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने कंपनियों के प्रतिनिधियों को विश्वास दिलाया कि यदि वे सहारनपुर स्मार्ट सिटी के साथ कार्य करने आते है तो उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होने दी जायेगी। हमारे स्मार्ट सिटी चेयरमैन का दृष्टिकोण बहुत सकारात्मक है। आपको एनओसी आदि के लिए भी कोई कठिनाई नहीं होगी। डारेक्टर सुशील पुंडीर ने कहा कि हम एक वर्ष के भीतर हर हाल में कमांड कंट्रोल सेंटर को पूरा कर स्मार्ट सिटी के तहत शुरु होने वाली समस्त सेवाओं को उससे जोड़ना चाहते हैं। सहारनपुर प्रदेश का सबसे शांत और व्यवहारिक जनपद है। उन्होंने कंपनियों से आह्वान किया कि वे यहां काम करने के लिए आएं उन्हें बहुत अच्छा माहौल मिलेगा।सभी कंपनी प्रतिनिधियों ने उनकी बात विस्तार से सुनने और उनकी शंकाओं का समाधान करने के लिए नगर निगम व स्मार्ट सिटी अधिकारियों का आभार जताया।