सिटीवेब/एसएल कश्यप।
सहारनपुर। सहारनपुर सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के विवादास्पद बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री का बयान शर्मनाक है। देवबन्द वह स्थान है जिसने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। अब देवबन्द के बुजुर्गों और उलमा पर आतंकवाद का इल्जाम वह लोग लगा रहे हैं जिनके नेताओं ने स्वतंत्रता की लड़ाई में अंग्रेजों की मदद की और अंग्रेजो से माफी मांगने पर वह जेल से बाहर आये। सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि गिरिराज सिंह की पार्टी भाजपा ने तो आतंकवाद के आरोप में सजा काट चुकी साध्वी प्रज्ञा को संसद में पहुंचाने का काम किया जिन पर आज भी आतंकवाद के आरोप में केस चल रहा है। गिरिराज सिंह बताए कि संघ परिवार के मुख्यालय नागपुर में स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज क्यों नहीं फैराया जाता जबकि इन दोनों राष्ट्रीय पर्व पर दारुल उलूम में बड़ी शान से तिरंगा झण्डा लहराया जाता है। सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि गिरिराज सिंह को हिन्दू समाज से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि उन्होंने गंगा नदी के उद्गम स्थान गंगोत्री का नाम आतंकवाद से जोड़ा है। सांसद ने कहा कि शाहीन बाग उस इंकलाब का नाम है जो संविधान को बचाने के लिए शुरू किया गया है शाहीन बाग ने भाजपा को करंट का ऐसा झटका दिया है जिससे दिल्ली चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली हार के कारण ही गिरिराज सिंह बौखला गए है और उनके इन शर्मनाक बयानों पर प्रधानमंत्री को नोटिस लेना चाहिये। यह सब उन्होंने प्रेसनोट जारी कर कहा है।