सिटीवेब/अनुप धीमान।
सहारनपुर। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के द्वारा देवबंद को लेकर दिए गए बयान पर नगर विधायक संजय गर्ग ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का देवबंद के बारे में दिया गया बयान बहुत शर्मनाक,निंदनीय और नफरत को बढाने वाला है। उन्हें दिल्ली के चुनाव परिणामों से सबक लेना चाहिये और स्वतंत्रता आंदोलन का इतिहास पढ़ना चाहिये। उन्होनें कहा कि अंग्रेजो के द्वारा 1857 की क्रांति को कुचलने के बाद मौलाना महमूदउल हसन के रेशमी रूमाल तहरीक से आजादी के आंदोलन को नई ऊर्जा मिली थी। माल्टा की जेल से मौलाना हुसैन अहमद मदनी के बयान कि “मजहब क़ौम की बुनियाद नही हो सकताष् ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों में एक नया जोश भरने का काम किया था। देवबन्द वह स्थान है जिसने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। अब देवबन्द के बुजुर्गों और उलमा पर आतंकवाद का इल्जाम लगाना तथ्यों से परे और बचकाना हरकत है। जिन्होंने स्वतंत्रता की लड़ाई में अंग्रेजों की मदद की हो उनके मुँह से यह शोभा नही देता।15 अगस्त 1947 और 26 जनवरी 1950 को जब पूरा हिंदुस्तान तिरंगा फहरा कर जश्न मना रहा था तब संघ परिवार के मुख्यालय नागपुर में स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया था। अतः केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का बयान विवादास्पद,गैर जिम्मेदाराना एवं राजनीति से प्रेरित है जिसकी हम कड़े शब्दों में निंदा करते है।