सहारनपुर। बसपा, सपा व रालोद गठबंधन के प्रत्याशी हाजी फजलुर्रहमान के भाई हाजी तसलीम ने कहा कि गठबंधन लोकसभा चुनाव में मजबूत स्थिति में है और सहारनपुर लोकसभा सीट पर गठबंधन प्रत्याशी की सबसे ज्यादा वोटों से सीट दर्ज होगी।
हाजी तसलीम नदीम कालोनी में पार्षद हाजी गुलशेर द्वारा गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा व रालोद गठबंधन के प्रति लोगों में ज्यादा रूझान है। सुश्री मायावती, अखिलेश यादव और चै.अजित सिंह की नीतियों से जनता प्रभावित है। आज गठबंधन मजबूत स्थिति में है। उन्होंने जनता से आहवान किया कि वह 11 अप्रैल को होने वाले मतदान में गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें।
नगर विधायक संजय गर्ग ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले पांच झूठ और जुमलेबाजी में गुजार दिये। किसान, व्यापारी, उद्यमी और आम जनता पांच साल त्रस्त रही और भाजपा विकास की बाते छोड़ जनता को गुमराह करने में लगी रही। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में भी स्थिति ऐसी है। किसान खुश नहीं है और व्यापारी भी परेशान है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और आम जनता परेशानियों से जूझ रही है। ऐसे में जनता के सामने गठबंधन ही एक मजबूत विकल्प है।
बसपा महानगर अध्यक्ष फैजानुर्रहमान ने कहा कि सहारनपुर लोकसभा सीट पर गठबंधन ही भाजपा को हराने में सक्षम है। कुछ लोग जनता को गुमराह कर रहे है ताकि भाजपा जीत सके।
हमें ऐसे लोगों से सावधान रहना होगा। सपा महानगर अध्यक्ष मौ.आजम शाह ने कहा कि गठबंधन प्रत्याशी हाजी फजलुर्रहमान साफ छवि के है और लोकसभा चुनाव जीतकर वह यहां के लोगों का संसद में बेहतर प्रतिनिधित्व कर सकते है। इस दौरान पार्षद हाजी गुलशेर, नूर आलम, अब्दुल खालिक, एस.आलम, प्रताप, इमरान सैफी, राव महबूब, औसाफ गुडडू, आलिम बख्श, रिहान खान, कबीर मलिक, मुस्तकीम राणा, गुलशन कपूर, नुसरत साबरी, जमाल साबरी आदि ने भी फजलुर्रहमान को भारी मतों से जिताने का आहवान किया।