मृगांका सिंह से राजनाथ ने कहा जल्दी मत करना
राहुल गांधी ने भी की बात
गंगोह। मायापुर फार्म हाउस पर जिस समय मृगांका सिंह अपने संबोधन के लिए खड़ी हुई उसी समय उनके पास कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के निजी सचिव का फोन आया और उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आपसे बात करना चाहते हैं । इसके बाद मृगांका सिंह ने राहुल गांधी से 10 मिनट तक फोन पर बातचीत की। समर्थकों का दावा है कि राहुल गांधी ने उन्हें कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया, मगर इस बारे में मृगांका सिंह ने अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। दूसरी ओर जैसे ही मृगांका सिंह फिर से अपने संबोधन के लिए खड़ी हुई तो गृह मंत्री राजनाथ सिंह का फोन उनके पास आया।
इस पर उन्होंने अपने समर्थकों से पूछा कि क्या मैं राजनाथ सिंह से बात कर लूं। इस पर समर्थकों ने उन्हें कहा कि आप उनसे बात करें इसके बाद मृगांका सिंह ने लगभग 15 मिनट तक राजनाथ सिंह से फोन पर बात की । उनके समर्थक दावा करते हैं कि राजनाथ सिंह ने उन्हें कहा कि वह संयम बरतें और अभी कोई भी जल्दबाजी ना करें । इसके बाद मृगांका सिंह ने मायापुर फार्म हाउस पर मौजूद अपने हजारों समर्थकों से कहा कि हम जल्द ही इस बारे में कोई फैसला लेंगे ।
भरोसेमंद सूत्रों ने बताया कि राजनाथ सिंह और प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी मृगांका सिंह के टिकट के पक्ष में थे, जबकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लगातार प्रदीप चौधरी की वकालत कर रहे थे और अंत में वह प्रदीप चौधरी को टिकट दिलाने में सफल रहे । अब देखना है कि मृगांका सिंह इस सारे घटनाक्रम पर क्या फैसला लेती हैं । उनके फैसले पर पूरे क्षेत्र की नजर लगी हुई है।