सहारनपुर। नगर निगम द्वारा पॉलीथिन विरोधी अभियान के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान भी शुरू कर दिया है। सड़कों पर किए स्थाई व अस्थाई अवैध कब्जों पर निगम का बुलडोजर दौड़ा। वहीं, अतिक्रमणकारियों से जुर्माना भी वसूला गया।
बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट डा. पंकज वर्मा व निगम प्रवर्तन अधिकारी कर्नल बीएस नेगी के नेतृत्व में निगम प्रवर्तन दल मय बुलडोजर के चिलकाना रोड पहुंचा। दल को देख अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। अनेक दुकानदार अपनी प्रतिष्ठानों के आगे दूर तक सामान रखकर किए अतिक्रमण को हटाने लगे। निगम की टीम ने इस मार्ग पर स्थित पुरानी चुंगी से स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाना शुरू किया। अनेक स्थानों पर स्थाई कब्जे कर संचालित की जा रही दुकानों को ध्वस्त किया। चिलकाना बस अड्डे तक चले अभियान के दौरान सड़क के दोनों तरफ किए बड़ी तादाद में अस्थाई कब्जों को हटवाया गया। इस दौरान कब्जेधारियों से 26 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। यही नहीं निगम की टीम द्वारा मंडी समिति रोड स्थित मछली बाजार में पॉलीथिन की तलाश में छापेमारी की गई। यहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त करने के साथ ही इसका प्रयोग करने वालों से करीब 12 हजार जुर्माना वसूला गया। इस दौरान उद्यान अधिकारी दानिश हैदर नकवी, धीरज, कैप्टन नरेश चंद, सूबेदार मेजर प्यार सिंह व प्रवर्तन दल सदस्य मौजूद रहे।