सिटीवेब/एसएल कश्यप।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सोमवार को श्री बालाजी धाम बेहट रोड पर होली उत्सव धूमधाम से मनाया गया। होली भजनों की धुन पर श्रद्धालुओं ने फुलों से होली खेली। इस दौरान मनोकामना पूर्ति के लिए श्री हनुमान चालीसा के ग्यारह पाठ विधि विधान से किए गए।
श्री बालाजी सेवा समिति के तत्वाधान एवं श्री बालाजी धाम के संस्थापक गुरु श्री अतुल जोशी जी के सानिध्य में सोमवार की सुबह होली उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री अतुल जोशी जी ने श्री बालाजी महाराज, श्री कोतवाल कप्तान साहब और श्री प्रेतराज सरकार के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। जिसके बाद मनोकामना पूर्ति के लिए श्रद्धालुओं द्वारा श्री हनुमान चालीसा के ग्यारह पाठ किए गए। इसके बाद आज बृज होली रे रसिया और होली खेले रघुबीरा अवध में होली खेले रघुबीरा आदि होली भजनों प्रस्तुत किए गए। होली के भजनों पर श्रद्धालु काफी देर तक झुमते रहे। इसके बाद पुष्पों की होली खेली गई। श्रद्धालुओं ने न केवल श्री बालाजी महाराज के विरह पर पुष्प वर्षा की, बल्कि एक दूसरे के साथ पुष्पों की होली भी खेली।इस अवसर पर गुरु श्री अतुल जोशी जी महाराज ने होली उत्सव के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सनातन धर्म में होली पर्व का विशेष महत्व है। हनुमान जी महाराज को फाल्गुन माह से विशेष लगाव है। इस माह में जो भी भक्त साधना, उपासना और पूजा अर्चना करता है, उस भक्त की सभी मनोकामनाएं जल्द ही पूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि फाल्गुन माह में की गई भक्ति का भी विशेष फल प्राप्त होता है। गुरु महाराज ने कहा कि इस पर्व पर सभी को आपसी बैर भाव मिटाने चाहिए और एकता, शांति और सदभाव का परिचय देना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति रंग लगाने से मना करें तो उसके साथ जबरदस्ती नहीं की जानी चाहिए। अनिल सैनी, धर्मपाल, मनोज वालिया, कमल प्रकाश शर्मा, रामप्रताप शुक्ला, शैंकी, अरविंद जैन, खेमराज मिश्रा, सुरेंद्र कुमार, चंद्रप्रकाश, विनित शर्मा, अरुणा जोशी, अनुराधा, सुमन, रेखा वालिया, मोना जैन, उषा पांचाल आदि उपस्थित रहे।