सिटीवेब/एसएल कश्यप।
सहारनपुर। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए जनपद में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज के हजारों लोगों ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जुलूस प्रदर्शन निकाला। मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा पहले जामा मस्जिद से लेकर घंटाघर तक तक जुलूस निकाला गया। इसके बाद अम्बाला रोड से घंटाघर तक विरोध जुलूस निकाला गया। इससे पूर्व चैक फव्वारा स्थित जामा मस्जिद के आसपास एहतियात के तौर पर भारी संख्या में फोर्स लगायी गई थी। जिला प्रशासन की ओर से रूट को डायवर्ट भी किया गया था। घंटाघर के आसपास दोपहर 12 बजे के बाद कुछ देर के लिए बाजार बंद रहे। शाम चार बजे के बाद बाजार फिर से सामान्य हो गया। इस दौरान चप्पे चप्पे पर पुलिस व खुफिया विभाग सक्रिय रहा। पुलिस के तमाम अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अफवाहों का बाजार गर्म रहा और इंटरनेट सेवाएं भी बंद रही।