नई दिल्ली ( 28 नवंबर ): मुंबई के 26/11 हमले का मास्टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद ने यूएन में याचिका डाली है। उसने कहा कि आतंकवादियों की लिस्ट से यूएन उसका नाम हटाए।
पिछले हफ्ते ही मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड हाफिज सईद नजरबंदी से रिहा हुआ है। अब वह खुद पर लगे आतंकवादी के तमगे को हटाने की फिराक में है। खबरों के मुताबिक हाफिज ने संयुक्त राष्ट्र में याचिका दायर की है और कहा है कि उसका नाम आतंकवादियों की सूची से हटाया जाए। जमात-उद-दावा के सरगना सईद को संयुक्त राष्ट्र ने नवंबर 2008 में हुए मुबंई हमलों के बाद UNSCT 1267 (यूएस सिक्यॉरिटी काउंसिल रेजॉलूशन) के तहत दिसंबर 2008 में आतंकी घोषित किया था।
अमेरिका ने मुंबई हमलों से पहले ही मई 2008 में हाफिज सईद को वैश्विक आतंकी घोषित कर दिया था। इतना ही नहीं अमेरिका ने मुंबई हमलों में हाफिज की भूमिका को लेकर उसके सिर पर 1 करोड़ डॉलर का इनाम भी रखा था। बता दें कि सईद ने पाकिस्तान में नजरबंदी से रिहा होते ही संयुक्त राष्ट्र में यह याचिका दायर की है।
आतंकी हाफिज सईद के खिलाफ पर्याप्त सबूत न होने की वजह से पाकिस्तानी कोर्ट ने उसे नजरबंदी से रिहा किया किया था। रिहा होते ही सईद ने कहा था कि वह कश्मीर को आजाद करवाने के लिए वहां के लोगों की मदद करेगा। अमेरिका ने भी हाफिज की रिहाई के बाद चिंता जाहिर की थी और कहा था कि उसे अपने अपराधों के लिए गिरफ्तार किया जाना चाहिए।