गंगोह। नगर और देहात क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व पर बडी संख्या में कावडियों सहित श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर मन्नतें मांगी। मंगलवार को बडे सवेरे से ही भगवान शिव का जलाभिषेक शुरु हो गया था। किसी ने गंगा जल तो किसी ने दुग्धाभिषेक किया। सुबह से ही गांव गुडछप्पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर और बरसी स्थित महाभारतकालीन शिववालय सहित नगर एवं देहात के शिव मंदिरों में कावडियों एवं श्रद्धालु नर नारियों की लम्बी-लम्बी कतारें लगनी शुरु हो गई थी। दिन निकलने के साथ ही श्रद्धालुओं का कारवां बढ़ता चला गया। हर हर-बमबम के उदघोष के बीच देर शाम तक जलाभिषेक करने का सिलसिला चलता रहा। कांवडियों एवं श्रद्धालुओं के लिए नामदेव पब्लिक स्कूल प्रबंधक सहित कई संस्थाओं द्वारा गुड़छप्पर मार्ग पर जलपान की व्यवस्था की गई थी। पंकज राजपूत, रजनी राजपूत, अरविंद शर्मा, मनोज कौशिक आदि का सहयोग रहा। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने श्रीरामबाग शिवमन्दिर, शिवचौक, बड़ा शिवालय, मराठा मंदिर, महलतला, पुरषार्थी धर्मशाला, सज्जनवाला मन्दिर एवं नवीन मंडी स्थित मंडीश्वर महादेव सहित अनेक शिव मंदिरों में भी जलाभिषेक किया। मुबारिकपुर, लखनौती, सकरपुर सहित अनेक गांवों में स्थित शिव मंदिरों में भी जलाभिषेक किया गया। कांवड यात्रियों के लिए प्रशासन ने भी कड़े इंतजाम कर रखे थे। नगर के प्रमुख शिववालयों में विशाल गर्ग के सौजन्य से निशुल्क गंगाजल उपलब्ध कराया गया, जिसकी सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है।