सहारनपुर। सहारनपुर विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत दो मोबाइल टावर सहित चार दुकानों को सील कर दिया गया। इस दौरान टीम के साथ पुलिस बल मौजूद रहा।
अवैध निर्माण के खिलाफ साविप्रा की कार्रवाई वीरवार को भी जारी रही। सूचना के बाद दिल्ली रोड स्थित प्रिंस विहार दल-बल के साथ पहुंची साविप्रा की टीम ने अश्वनी कुमार द्वारा लगाये जा रहे टावर की स्वीकृति दिखाने को कहा गया तो वह मौके पर कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। टीम ने टावर को अवैध निर्माण मानते हुए सील कर दिया। चिलकाना रोड स्थित नार्थ कृष्णा नगर में नवीन जैन द्वारा भूतल पर मोबाइल टावर लगाया गया था। इस पर बाउण्ड्रीवाल कर गेट पर ताला लगाया गया था। पता पूछने पर आसपास के लोगों ने बताया कि इस टावर को लगे 13 साल हो गये हैं। टीम ने कार्रवाई करते हुए टावर को सील कर दिया। इसके अलावा हबीबगढ मोहल्ले में मुस्तकीम द्वारा भूतल पर 42 गुणा 34 फुट ऐरिया पर चार दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। स्वीकृति नहीं दिखाये जाने पर चारों दुकानों को सील कर दिया।