मुजफ्फरनगर। लोकसभा सीट से सांसद एवं केंद्र सरकार में राज्यमंत्री संजीव बालियान रात्रि में नगर में गरीबों को ठंड से बचाने की प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एडीएम प्रशासन को साथ लेकर भ्रमण पर निकले। उन्होंने चार स्थानों पर गरीबों को कंबल वितरित भी किए। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने अपने अभियान की शुरूआत रोडवेज स्टैंड के बाहर जलाए जाने वाले अलाव का निरीक्षण करके की।
उन्होंने यहां पर रात्रि में ठंड में ठिठुर रहे कुछ लोगों को कंबल वितरित किए। इसके बाद केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान साईं धाम के सामने नगर पालिका द्वारा बनाए गए रैन बसेरे को देखने पहुंचे। उन्होंने यहां पर रात्रि में सोने के लिए पहुंचे लोगों से बातचीत की और उन्हें कंबल भी दिए। यहां से वह रेलवे स्टेशन के बाहर बने शेल्टर होम पहुंचे। जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। केंद्रीय मंत्री ने यहां रह रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें ठंड के मौसम में शेल्टर होम में ही रात व्यतीत करने के लिए सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। इसके बाद उन्होंने शिव चौक पहुंच कर एडीएम प्रशासन के साथ इधर-उधर बैठे लोगों को कंबल वितरित किए। उसके बाद मीनाक्षी चौक पर कंबल वितरित कर संजीव बालियान ने एडीएम प्रशासन को निर्देश दिए कि लोगों को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
गरीबों को बांटे जाएंगे चार हजार कंबल
गरीबों को ठंड से बचाने के लिए मुजफ्फरनगर को शासन की ओर से 4000 कंबल मिले हैं। जिन्हें प्रत्येक तहसील में 1000 कंबल के हिसाब से वितरित किया जाएगा। एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि कल ही कंबल मिले हैं। जिन्हें तहसीलों पर वितरण के लिए भेजा दिया गया है। इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि जो वास्तव में इसके हकदार हैं। उन्हें ही कंबल मिले इसके अलावा शहर में 9 स्थानों पर फिलहाल अलाव जलाने की व्यवस्था कर दी गई है।