एसएल कश्यप।
सहारनपुर। बसपा सुप्रीमो मायावती के खास रहे पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा ज्वाइन करते हुए उन्होंने कहा कि बसपा में उनका दम घुटने लगा था। आरोप लगाया कि बसपा में कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं है। इसी कारण उन्होंने समर्थकों के साथ बसपा छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है।
गंगोह विधानसभा सीट पर उप चुनाव से ठीक पहले बसपा के पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गये। भाजपा में समर्थकों सहित उनके शामिल होने से गंगोह उप चुनाव सीट पर भी असर पडे़गा। गौरतलब है कि रविंद्र मोल्हू कभी मायावती के बेहद करीबी रहे थे। ऐसे में उनका भाजपा में जाना बसपा के लिए और भी भीतरघात वाला साबित हो सकता है। पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू के साथ-साथ बसपा के सहारनपुर जिलाध्यक्ष ऋषिपाल गौतम ने भी पार्टी को छोड़ दिया है। भाजपा ज्वाईन करने के बाद उन्होंने आरोप लगाया कि बसपा में कॉ आर्डिनेटर का व्यवहार अच्छा नहीं था। कार्यकर्ताओं को धमकाया जाता है। उन्हे सम्मान नहीं मिलता है। पार्टी में सब कुछ पैसा ही है। पैसों की डिमांड की जाती है। इसी से तंग आकर उन्होंने बसपा को छोड़ दिया है। इनके अलावा गंगोह विधान सभा अध्यक्ष धमेंद्र गौतम, रामपुर मनिहारान विधान सभा अध्यक्ष कंवर पाल सिंह, जिला पंचायत सदस्य चैधरी धनश्याम के अलावा अजय कुमार जिला पंचयात सदस्य, रविंद्र गौतम आदि समर्थकों के साथ इन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। वहीं कई दिग्गजों के बसपा छोड़ते ही बसपा में मीटिंग का दौर शुरु हो गया है।