सहारनपुर। रविवार को दीपावली का पर्व धूमधाम एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर लोगों ने मां लक्ष्मी व गणेश की पूजा अर्चना की। कुबेर की पूजा भी की गई। घरों को दुल्हन की तरह सजाया गया। जमकर आतिशबाजी हुई।
रविवार को दीपावली का त्यौहार आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही साफ-सफाई कर घरों व प्रतिष्ठानों को सजाया गया था। लोगों द्वारा सुबह से ही एक दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं दी गई। बाजार भी गुलजार रहे। गिफ्ट की दुकानों व मिठाईयों की दुकानों पर पैर रखने की भी जगह नहीं थी। अधिकतर लोग खरीदारी में ही मशगूल रहे। शाम होते-होते त्योहार का उल्लास चर्म पर पहुंच गया। रोशनियों से घर जगमगा उठे। घरों के बाहर व अंदर रंगोलियां की छठा बिखर रही थी। लोगों द्वारा एक दूसरे को मिठाईयां व उपहार देकर दीपाली की शुभकामनाएं दी गई। घर में इशान कोण में कमलासन पर मिट्टी या चांदी की लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर श्रीयंत्र के साथ पूजन व जाप किया गया। लक्ष्मी की पूजा से पहले भगवान गणेश की फूल अक्षत, दूब, पान, सुपारी, और मोदक, मिष्ठान से की गई।