सहारनपुर। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने आज दलित उत्पीड़न व संत रविदास मंदिर को तोड़े जाने के विरोध में प्रदर्शन कर धरना दिया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
आज समिति के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पूर्व घोषित कार्यक्रम के मुताबिक हकीकत नगर के रामलीला मैदान पर एकत्रित हुए और देश में बढ़ रहे दलित उत्पीड़न के मामले को लेकर प्रदर्शन कर नारेबाजी कर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरपी सिंह ने कहा कि आज पूरे देश में दलित उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही है, जिन पर सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि समिति पूरे देश व प्रदेश में तुगलकाबाद दिल्ली में गुरू रविदास मंदिर को तोड़े जाने का जगह-जगह विरोध कर रही है तथा सोनभ्रद में आदिवासी दलितों पर नरसंहार का भी पुरजोर विरोध किया जा रहा है, जहां ग्राम समाज की भूमि को लेकर हत्याएं हुई और जिन लोगों की हत्या की गयी, उन्हें आज तक भी कोई मुआवजा न मिला और न ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि मजबूत आरक्षण कानून बनाया जाये, इसे संविधान की 9वीं अनुसूचित में शामिल किया जाये। लोकसभा में लम्बित प्रोन्नतियों को शीघ्र बहाल किया जाये तथा अन्य लम्बित मांगों का तत्काल निराकरण किया जाये। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरसी गेहरा, राष्ट्रीय संयोजक महिला विंग ऊषा सिंह, गुरमीत सिंह अम्बेडकर, जिलाध्यक्ष साधुराम व दीपक ने भी अपने विचार व्यक्त कर दलित उत्पीड़न के मामलों को समाप्त किए जाने की मांग की।