सहारनपुर। थाना बडगांव क्षेत्र में सड़क पार कर रहे एक किसान की तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक चालक भी हादसे में घायल हो गया। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
सोमवार की सुबह बडगांव थाना क्षेत्र में सड़क पार कर रहे 60 वर्षीय किसान जगता पुत्र रामचन्द्र की अनियंत्रित गति में आ रही बाइक से जबरदस्त टक्कर हो गई। दुर्घटना में टक्कर लगते ही किसान की मौके पर मौत हो गई। बाइक सवार सावेज पुत्र निसार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। पुलिस को बाइक सवार के पास एक बैग मिला है जिससे करीब सात लाख रूपये बरामद हुआ है। पुलिस नोटों की गिनती कर रही है। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है।