राकेश ठाकुर।
सहारनपुर। थाना गंगोह पुलिस ने अवैध अस्लाह बनाने की फैक्ट्री का भण्डाफोड़ करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध अस्लाह व अस्लाह बनाने के उपकरण भी बरामद किये।
अपर पुलिस अधीक्षक देहात विद्यासागर मिश्र व क्षेत्राधिकारी गंगोह अजय शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम शाहपुर के जंगल में गुरूदयाल की टयूबवेल के अंदर अवैध अस्लाह बनाते दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार रासा व मुनव्वर पुत्रगण कूड़ा निवासी शाहपुर थाना गंगोह के कब्जे से मात्रा में अवैध अस्लाह व अस्लाह बनाने के उपकरण भी बरामद किये। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने हरियाणा निवासी गुरूदयाल का टयूबवेल किराये पर ले रखा है। वह लोग फसलों में सिचाई के साथ साथ तमंचे बनाने का काम भी किया करते थे। सही कीमत मिलने पर उन्हें बेच देते थे। पुलिस फरार भूरा पुत्र लियाकत निवासी शाहपुर थाना गंगोह की तलाश में लग गई है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारियां जुटाई जा रही हैं।