सहारनपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पुलिस द्वारा ब्लू बैल्स स्कूल में बालिका सुरक्षा अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग के डीसीपीयू विजय आनन्द ने कहा कि अनजान व्यक्ति के बहकावे में न फंसे। इससे बाल अपराध की संभावनाएं बढ़ जाती है। उन्होंने गुड व बैड टच के बारे में बच्चों को विस्तार से बताया। गीता यशवंत ने नाटिका के माध्यम से यौन उत्पीड़न के प्रति बच्चों को जागरूक किया। बालिकाओं को आत्मरक्षा के टिप्स भी दिये। एन्टी रोमियो स्कवॉयड प्रभारी वीणा रानी ने हेल्प लाइन नम्बरों की जानकारी दी। समाजसेवी अर्चना ने बालिका सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रज्ञा मलिक व उनके स्टॉफ का विशेष सहयोग रहा।