एसएल कश्यप।
सहारनपुर। व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश संगठन से जुडे़ व्यापारियों ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को देश में चल रही आर्थिक मंदी का जिम्मेदार बताया। भारत सरकार की वित मंत्री सीतारमण से आर्थिक मंदी को दूर किये जाने की मांग की।
व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम नारंग ने कहा कि देश में चल रही लम्बे समय से आर्थिक मंदी से देश का व्यापारी बहुत परेशान हो चुका है। मंदी की मार से व्यापारी आत्महत्या को मजबूर है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा की गई नोटबंदी व अधूरी तैयारी के साथ जीएसटी लागू करने से देश का व्यापार मंदी के दौर में चला गया है। केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियां गलत होने के कारण हौजरी उद्योग, आॅटो उद्योग व जूता उद्योग आदि में मंदी छायी हुई है। संगठन से जुडे़ व्यापारियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से वित्तमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए देश के करोड़ों व्यापारियों को आर्थिक मंदी से उबारने के लिए शीघ्र प्रयास करने की मांग की। इस दौरान आदिल खान, विरेंद्र बहल, दीपक जैन, प्रमोद धीमान, अमित माहेश्वरी, मुकेश सेठी, ओपी कंसल आदि व्यापारी मौजूद रहे।