एसएल कश्यप।
सहारनपुर। घंटाघर पर गांधी आश्रम के सामने रोहड़ी से भरा ट्रक पलट जाने से खनन के मलबे तले दब साइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। नगर कोतवाली के नवाबगंज का निवासी अर्जुन सिंह पुत्र विजय सिंह के यहां उसकी बीमार बहन अपनी ससुराल से आई हुई थी और अर्जुन सिंह मंगलवार की सुबह करीब 4 बजे कोर्ट रोड स्थित फिजीशियन अनिल मलिक के यहां बहन को दिखाने को उसका नाम लिखवाने साईकिल पर आ रहा था। वह जैसे ही घंटाघर पर स्थित गांधी आश्रम के सामने पहुंचा, तभी बराबर से गुजरता रोड़ी से भरा ट्रक अर्जुन सिंह के ऊपर आ पलटा। जिससे वह ट्रक और खनन के मलबे तले दब गया। घंटाघर पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। उस समय कुछ खास चहल-पहल भी शुरू नहीं हुई थी। तत्काल क्रेन को मौके पर मंगवा कर ट्रक और मलबे को हटवा उसके नीचे दबे पड़े अर्जुन सिंह को पुलिस ने बाहर निकाला और उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां अर्जुन सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी जेब से मिले कागजात और मोबाइल से उसके परिजनों के बारे में जानकारी हुई और जैसे ही हादसे की सूचना परिजनों को मिली तो उन में कोहराम मच गया।