सहारनपुर। भारतीय किसान यूनियन की बैठक में भाजपा सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया। दीपावली आदि त्योहार होने के बावजूद बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने पर रोष जताया गया।
शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित बैठक में भाकियू जिलाध्यक्ष नीरज चैधरी ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान कराने में विफल रही है। इससे इस बार किसानों की दीपावली भी फीकी रह जाएगी। उन्होंने देवबंद में पांच दिन में दो भाजपा नेताओं की हत्या पर भी चिंता जताई। युवा मंडल अध्यक्ष योगेश सिंह ने कहा कि अभी तक चीनी मिलें नहीं चली हैं। मजबूरी में किसानों को अपना गन्ना कोल्हू पर 175 से 200 रूपये प्रति कुंतल बेचना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की अनदेखी के कारण आज किसान की हालत सबसे दयनीय हो गई है। बैठक को उत्तराखंड युवा इकाई के अध्यक्ष लाखन गुर्जर, हरिद्वार के अध्यक्ष चैधरी सागर ने भी संबोधित किया। बैठक में सोमवीर राणा, चै. साहब सिंह, सोमपाल स्वामी, चै. रणवीर, वेदपाल राणा, राजीव कुमार, सुरेंद्र काम्बोज, मांगेराम शर्मा, रमन कुमार, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।