एसएल कश्यप।
सहारनपुर। 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जन्मदिन के उपलक्ष में आईएमए भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही करेंगे। जिला कार्यक्रम संयोजक साहब सिंह पुण्डीर व महानगर संयोजक संजीव वालिया ने बताया की प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष में भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेवा सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत 14 सितंबर से शुरू हुए कार्यक्रम 20 सितंबर तक चलेगें। इस सेवा सप्ताह में पार्टी विभिन्न तरह के कार्यक्रम कर रही है। 14 तारीख को अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण कर सेवा का कार्य किया गया। 15 तारीख को केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी ने सहारनपुर में पांच प्रमुख प्रबुद्धजनों से मिलकर उनको पुस्तक भेंट की और जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने के बारे में फायदे बताएं। 16 तारीख को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह द्वारा सफाई अभियान चलाकर सहारनपुर घंटाघर पर स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा को पानी से धोकर साफ किया गया। 17 सितंबर को रक्तदान शिविर एवं सरकार की उपलब्धियों को दर्शाने के लिए एक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष जसवंत सैनी अपराहन दो बजे करेंगे। प्रदर्शनी 20 सितंबर तक चलेगी। इसी तरह के तमाम कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी पूरे सप्ताह कर रही है। 17 सितंबर को होने वाले रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए एवं प्रदर्शनी में सरकार द्वारा किए गए कार्य को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य एवं संपर्क अभियान के संयोजक साहब सिंह पुंडीर ने क्षेत्र खुशालीपुर, सतपुरा, तकीपुर, बेहड़ा, रामखेड़ी, जजनेर, आदि गांव में जनसंपर्क करके अधिक से अधिक लोगों को इस इस प्रदर्शनी में पहुंचने का आवाहन किया गया।