सहारनपुर। देवबंद के मिरगपुर के ग्राम प्रधान शिवकुमार के बड़े भाई एवं भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष यशपाल सिंह (55) मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे बाइक पर ग्राम भाऊपुर नगली जा रहे थे कि रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायर किए। यशपाल सिंह लहूलुहान होकर वहीं सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हमलावरों की संख्या चार बताई जा रही है। जिन्होंने यशपाल सिंह पर पांच राउंड फायर किए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। एसएसपी दिनेश कुमार पी, एसपी देहात विद्या सागर मिश्र और देवबंद थानाध्यक्ष पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और घटना की बाबत जानकारी ली। एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि परिजनों ने कुछ नाम बताए है। जिनसे कई साल से रंजिश चली आ रही है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई है।