सिटीवेब/एसएल कश्यप।
सहारनपुर। स्कूली बच्चों व हिन्दुस्तान पैट्रोलियम और इंडेन से जुड़े कर्मचारियों ने लोगों को ईंधन बचाने के लिए जागरुक करने के उद्देश्य से शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुए एक रैली निकाली। रैली को मेयर संजीव वालिया ने झंडी दिखाकर रवाना किया। गांधी पार्क से शुरु होकर यह रैली स्टेडियम के सामने से निकलकर अंबाला रोड, घंटाघर, कोर्ट रोड होते हुए जीपीओ रोड पर जाकर समाप्त हुई। रैली का आयोजन पैट्रोलियम संरक्षण अनुसंधान संघ (पीसीआरए) के आह्वान पर हिन्दुस्तान पैट्रोलियम द्वारा किया गया था। इस अवसर पर हिन्दुस्तान पैट्रोलियम के सेल्स एरिया ऑफिसर अमित कुमार द्वारा लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गयी।
इससे पूर्व गांधी पार्क में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए मेयर संजीव वालिया ने कहा कि पैट्रोलियर्म इंधन के आयात पर जहां एक ओर देश को काफी रकम व्यय करनी पड़ती है वहीं पैट्रोलियम ईंधन के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण भी लगातार प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण का संकट देश के सामने एक बड़ा संकट है, पैट्रोर्ल इंधन की खपत कम कर हम न केवल पर्यावरण संतुलन बनाने में सहयोगी हो सकते है बल्कि देश पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को भी कम करने में मददगार हो सकते हैं। उन्होंने लोगों को ईंधन बचाने के अनेक टिप्स दिए। हिन्दुस्तान पैट्रोलियम के सेल्स एरिया ऑफिसर अमित कुमार ने ईंधन बचाने की अपील करते हुए कहा कि पैट्रोल व गैर्स इंधन की हमारी आज की बचत हमारा कल सुखद बनायेगी। उन्होंने कहा कि आसपास जाने के लिए पैदल जाना, एक-दो व्यक्तियों के लिए दोपहिया का प्रयोग तथा कार का प्रयोग यदि हम अधिक लोगों के आने जाने के लिए करते हैं तो हम काफी ईंधन बचा सकते हैं। दुर्गा गैस एजेंसी के महावीर सिंह पुंडीर ने कहा कि रसोई भी हमारे मासिक ईंधन खर्च को घटाने में मदद कर सकती है। इसके लिए साफ व छोटे बर्नर, प्रेशर कुकर और चैडे़ बर्तनों का उपयोग यदि करते हैं तो काफी ईंधन की बचत हो सकती है। रैली में सुशील पुंडीर, राहुल कुमार आदि भी मौजूद रहे। संचालन सतेन्द्र कुमार ने किया।