- आयुष्मान लाभार्थियों व अन्य मरीजों की करेंगी स्क्रीनिंग
सहारनपुर। आयुष्मान लाभार्थियों की सेहत और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं को प्रत्येक दिन स्मार्टफोन के जरिये अपडेट किया जाएगा। इसके साथ-साथ हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर उन लोगों को भी प्राथमिक उपचार सहित जांच की सुविधा निरूशुल्क मिलेगी, जिनका नाम आयुष्मान योजना में नहीं है। इसके लिए आशा और आशा संगिनी को स्मार्टफोन दिए जा रहे हैं। कितने लोगों ने आयुष्मान योजना के बारे में जानकारी ली, कितने इसका लाभ उठाना चाहते हैं, इन सबको स्मार्ट फोन के जरिये हमेशा अपडेट रखा जाएगा। ये पहल आयुष्मान योजना के दूसरे भाग यानी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (आरोग्य केंद्र) के लिए की गई है। इससे स्वास्थ्य विभाग को जानकारी मिल सकेगी कि आयुष्मान योजना के जरिए कितने लोगों को लाभ दिया गया और कितनों को दिया जाना है।
जिला सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक ब्रिजेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन लखनऊ ने इससे पूर्व सभी जिलों के सीएमओ से जिले की आशा व आशा संगिनी की संख्या मांगी गयी थी। आगामी दिनों में उन्हें स्मार्टफोन दिए जाएंगे। उन्हें हर दिन अपने काम की जानकारी अपडेट करनी होगी। जनपद में कुल 30 एएनएम उपकेंद्र और 28 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हैं। इसमें से ग्रामीण क्षेत्रों में 30 उपकेंद्र और 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में तब्दील किया गया है। जिले में 276 आशाएं और 28 संगिनी हैं। कुल 304 आशा व आशा संगिनियों को स्मार्टफोन वितरित किए जायेंगे। ये संगिनी और आशा कार्यकर्ता अपने नजदीकी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के साथ ही अपने क्षेत्र के लोगों की सेहत की जानकारी लेकर स्मार्टफोन पर अपडेट करेंगी। स्मार्टफोन में आयुष्मान योजना से जुड़ा ऐप भी होगा। इसमें समय-समय पर लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े सर्वे भी कराए जाएंगे और उनका अपडेट स्मार्टफोन के जरिए रोज देना होगा।
लाभार्थियों का बनेगा सी बैक फोल्डर
स्मार्टफोन मिलने के बाद पहले चरण में आशा कार्यकर्ताओं का काम आयुष्मान लाभार्थियों का सी-बैक फोल्डर बनाने का होगा। इसके तहत आयुष्मान लाभार्थी परिवार में 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की हाइपरटेंशन और डायबिटीज और इसके बाद महिलाओं से संबंधित बीमारियों की जांच की जाएगी।
क्या बोले चिकित्सा अधिकारी
आशा व आशा संगिनी को स्मार्टफोन वितरित किये जाने हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के हेल्थ वेलनेस सेंटरों में सेवा देने वाली आशा और आशा संगिनी को ये दिए जायेंगे। इससे वह आयुष्मान लाभार्थी और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में उपचार कराने वाले लोगों की जानकारी रोज अपडेट कर सकेंगी। इससे स्वास्थ्य विभाग को पता चल सकेगा, कितने लोग योजना का लाभ ले रहे हैं। हालांकि अभी लखनऊ से 104 स्मार्टफोन ही आए हैं। गाइडलाइन आते ही स्मार्टफोन वितरित किए जायेंगे। डा.बीएस सोढ़ी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सहारनपुर।