सहारनपुर। अम्बाला जा रही मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर जाने पर रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटनाक्रम रविवार रात करीब दस बजे का है। सहारनपुर के खान आलमपुरा से एक मालगाड़ी अम्बाला की ओर जा रही थी। इसी दौरान सहारनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर छह से अचानक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गये। गनीमत रही कि कोई और गाड़ी उसके आसपास से नहीं गुजर रही थी, नही ंतो हादसा बड़ा हो सकता था। दुर्घटना होने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। रेलवे अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को सूचित किया गया और तीन बोगियों को दोबारा पटरी पर लाने का कार्य किया गया। दुर्घटना के कारणों की जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी थी।